इंदौर GNT मार्केट की बर्तन दुकान में चोरी का खुलासा : मास्टरमाइंड सिद्धार्थ सहित 5 पकड़े; 21 बर्तन बरामद
Aditi News Team
Tue, Nov 24, 2026
GNT मार्केट की बर्तन दुकान में चोरी का खुलासा,
मास्टरमाइंड सिद्धार्थ सहित 5 पकड़े; 21 बर्तन बरामद
इंदौर। शहर के एमजी रोड थाना क्षेत्र स्थित जीएनटी मार्केट में बर्तन की बड़ी दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। दुकान संचालक मनीष की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सिद्धार्थ और चार विधि विरुद्ध बालकों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 21 पीतल एवं अन्य बर्तन बरामद किए गए हैं।
CCTV फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
जानकारी के मुताबिक, जीएनटी मार्केट में मनीष की बर्तन की दुकान से करीब 21 पीतल और अन्य बर्तन चोरी हो गए थे। घटना के बाद फरियादी ने एमजी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
सिद्धार्थ को बताया जा रहा मास्टरमाइंड
पुलिस के अनुसार, चोरी की इस वारदात में सिद्धार्थ मुख्य आरोपी यानी मास्टरमाइंड है। उसके साथ चार विधि विरुद्ध बालकों को भी पकड़ा गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सभी बर्तन बरामद कर लिए गए हैं।
चार बालकों के पुराने अपराध भी आए सामने
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए चार विधि विरुद्ध बालकों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं उन्होंने शहर में अन्य चोरी की वारदातों को भी अंजाम तो नहीं दिया है।
पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
इंदौर पुलिस