: उमरिया,डॉ छवि सिंह ने बदली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदिया की छवि - खुशियों की दास्तां
Wed, May 26, 2021
उमरिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदिया का भवन और ज्यादातर स्टाफ तो पुराना ही है, लेकिन मरीजों को मिलने वाली सुविधा, सलाह, इलाज और देखभाल की व्यवस्था में अमूलचूल बदलाव महसूस किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि डॉ छवि सिंह ने अस्पताल की छवि बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कोरोना महामारी से जूझ रही ज्यादातर जनता सरकारी अस्पतालों पर निर्भर है। एक तरफ कोरोना से संक्रमित मरीजों का दबाव है तो दूसरी तरफ अन्य रोगियों की देखभाल और इलाज की जिम्मेदारी। ऐसे में सीमित डॉक्टरों और सीमित संसाधनों वाले कस्बाई अस्पतालों की चरमराती व्यवस्था संवेदनशील चिकित्सकों के भरोसे ही टिकी है, जो कम संसाधनों में भी बेहतर करने की भावना से काम कर रहे हैं। चंदिया में पदस्थ मेडिकल ऑफीसर डॉ छवि सिंह के भूमिका की लोग इसीलिए तारीफ कर रहे हैं कि वे उपलब्ध सुविधाओं के बीच अपना सर्वोत्तम देने की कोशिश करती हैं। यही वजह है कि वे रोगियों का विश्वास जीतने में कामयाब रही हैं।
अस्पताल आने वाले रोगियों की जांच, सलाह, इलाज और देखभाल का समुचित प्रबंध होने से बीमारों और उनके तीमारदारों की संतुष्टि लेवल बढ़ा है। कोविड सेंटर में भर्ती कोरोना पोसिटिव मरीजों की नियमित देखभाल और उपचार से ज्यादातर रोगी निर्धारित समयावधि में ही बिना किसी शिकायत के ठीक होकर खुशी खुशी अपने घर जा रहे हैं। अच्छी बात यह है कि डॉ छवि सिंह ने अस्पताल से सिविल सोसायटी ऑर्गनाइजेशन्स, जनप्रतिनिधियों व व्यापारियों को जोड़ा और उन्हें व्यवस्था सुधारने में सहभागी बनाया है। जिसका परिणाम यह हुआ है कि कोविड केयर सेंटर की जरूरतें पूरी करने के लिए भी लोग आगे आए हैं। एडवोकेट सानंद तिवारी का कहना है कि अस्पताल बिल्डिंग से नही डॉक्टर से है। ये वही अस्पताल है जहां रोगियों से हुज्जत की जाती थी उसे डॉ छवि सिंह के हस्तक्षेप ने ज्यादा मानवीय और संवेदनशील बना दिया है। उम्मीद है उनके होने से चीजें और बेहतर होंगी।
: गाडरवारा,पनागर एवं झिकोली चेक पोस्टें शुरू
Wed, May 26, 2021
गाडरवारा। कोरोना कर्फ्यू को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एवं दूसरे जिलों से नरसिंहपुर जिले में आने जाने वालो की निगरानी के मद्देनजर गाडरवारा तहसील अतंर्गत जिले की सीमा से सटे ग्राम पनागर एवं झिकोली में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व)प्रमोद सेन गुप्ता के आदेश से चेक पोस्टें पुनः शुरू हो गई है। पनागर चेक पोस्ट पर नायब तहसीलदार विनोद साहू एवं झिकोली चेक पोस्ट पर नायब तहसीलदार दिव्यांशु नामदेव के मार्गदर्शन में शिक्षक गण, पटवारी एवं पुलिस विभाग के कर्मचारी अलग अलग पालियों में सेवाएं देते हुए आने जाने वालों की जानकारी प्राप्त कर रहे है। झिकोली चेक पोस्ट पर ड्यूटी कर रहे प्राथमिक शिक्षक प्रभात रूसिया ने बताया की हम लोग सुबह 6 बजे से 2 बजे की पाली में ड्यूटी करते हुए रजिस्टर में आने जाने वालों की जानकारी लिखते है। उल्लेखनीय है की गत वर्ष भी कोरोनाकाल में झिकोली एवं पनागर में चेक पोस्टें बनाई गई थी जहां शिक्षको ने सेवाएं दी थी।
: गाडरवारा। आशा उषा सहयोगिनी एकता यूनियन ने बीएमओ को दिया ज्ञापन
Tue, May 25, 2021
गाडरवारा। बीते सोमवार को आशा उषा आशा सहयोगिनी एकता यूनियन (सीटू) के प्रांतीय आव्हान पर साईंखेड़ा विकासखण्ड की आशा ,उषा एवं सहयोगी कार्यकर्ताओ ने साईंखेड़ा बीएमओ डॉ जगदीश वर्मा को ज्ञापन सौंपकर हड़ताल पर जाने की जानकारी दी। ज्ञापन में उल्लेखित किया गया है की विगत 14-15 वर्षों से विभिन्न प्रशिक्षणों के बावजूद आशा कार्यकर्ताओं को भीषण मँहगाई के दौर मे मात्र 2000 रु प्रोत्साहन राशि मानदेय के रूप में मिलती है इसके अलावा कोरोनाकाल में 1000 रु की राशि कोविड ड्यूटी पर दी जाती है । सहयोगियों को सिर्फ 500 रु की राशि दी जाती है। इसके अलावा आशा एबं सहयोगी कार्यकर्ताओ को ड्यूटी के दौरान मास्क, ग्लब्स, सेनेटाइजर भी नही दिए जाते जिसके चलते कोरोना से संक्रमित होने का अंदेशा हमेशा बना रहता है। कोविड ड्यूटी के दौरान मृत आशाओं के परिवार को शासन के आदेश के बावजूद 50 लाख रुपये की बीमा राशि से भी वंचित किया जा रहा है। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओ ने राज्य सरकार से अतिरिक्त वेतन की मांग सहित केंद्र सरकार से सभी कार्यकर्ताओ हेतु निःशुल्क टीकाकरण, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने , सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए आम जनता को इलाज, बेड, आक्सीजन, वेंटिलेटर सहित पर्याप्त मात्रा में जरूरी दवाएं , डॉक्टर, नर्स सहित पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों पर भर्ती करने , स्वास्थ्य सेवाओ का निजीकरण रोकने , आशा एवं सहयोगी कार्यकर्ताओ को नियमित करने, आयकर दायरे से बाहर आने वाले परिवारों को 7500 रु प्रतिमाह , आशा को 21000 रु एव सहयोगी को 30000 रूपये न्यूनतम वेतन देने सबंधी मांगो को शामिल किया गया है। इस अवसर पर ज्ञापन देने वालो में धनवती दुबे, ममता राजपूत, शिवा त्रिवेदी , भारती विश्नोई सहित अन्य शामिल रही।