: गाडरवारा में कोरोना कर्फ्यू का पालन नहीं करने पर 4 दुकानें सील
Tue, May 25, 2021
नरसिंहपुर ।
कलेक्टर वेद प्रकाश के निर्देशन में कोरोना कर्फ्यू का पालन करने जिले में संयुक्त टीमों द्वारा लगातार भ्रमण किया जा रहा है। कोरोना कर्फ्यू के प्रभावी क्रियान्वयन को दृष्टिगत रखते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी गाडरवारा प्रमोद सेन गुप्ता द्वारा निरंतर नगर का भ्रमण किया जा रहा है। कोरोना कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों पर कार्यवाही भी की जा रही है। भ्रमण के दौरान राजेंद्र रेडीमेड स्टोर, गोविंदा ट्रेलर्स मन्नत काम्प्लेक्स की दुकान के अंदर ग्राहक पाये जाने एवं शक्ति क्लॉथ मर्चेन्ट तथा मटन मार्केट सब्जी मंडी के पीछे खुला पाये जाने पर सील किया गया।
इस दौरान तहसीलदार राजेश मरावी और पुलिस एवं राजस्व विभाग तथा नगर पालिका के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे।
: साईंखेड़ा के टीकाकरण केंद्रों पर लग रही वेक्सीन
Mon, May 24, 2021
गाडरवारा। साईखेड़ा में कोरोना से बचाव हेतु वेक्सीन लगवाने हेतु उत्कृष्ट विद्यालय में 2 टीकाकरण केंद्र स्थापित किये गए है जिनमे एक केंद्र पर 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगो को एवं दूसरे केंद्र पर 45 वर्ष से अधिक आयु वालो को कोविशील्ड वैक्सीन लगाई जा रही है। 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगो को वेक्सीन की स्लॉट बुकिंग हेतु अच्छी खासी मारामारी का सामना इन दिनों करना पड़ रहा है जिसके चलते साईखेड़ा में टीकाकरण केंद्र पर गाडरवारा सहित अन्य जगहों से युवा वेक्सीन लगवाने के लिये बड़ी संख्या में पहुँच रहे है। बीते सोमवार को गाडरवारा से अपने भाई के साथ केंद्र पर पहुँची उच्च माध्यमिक शिक्षक कविता पटैल ने बताया की हम लोग रोज कई दिनों से कोविन पॉर्टल पर वेक्सीन लगवाने हेतु स्लॉट बुकिंग कर रहे थे परंतु स्लॉट खाली नही मिलता था रविवार को बुकिंग के दौरान साईंखेड़ा खाली मिलने पर वेक्सीन लगवाने आये है। बीते सोमवार को नायब तहसीलदार दिव्यांशु नामदेव ने टीकाकरण केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं जरूरी निर्देश दिए एवं टीकाकरण केंद्र पर पंजीकृत कोरोना वालेंटियर् के रूप में सेवाएं दे रहे प्राथमिक शिक्षक भानु राजपूत की प्रशंसा की। इस मौके पर भानु राजपूत ने बताया की हम लोग टीकाकरण केंद्रों पर लीगो को मार्गदर्शन देने के अलावा यहां व्यवस्थाये बनवाने में भी सहयोग करवाते है। साईंखेड़ा के टीकाकरण केंद्रों पर प्रभारी बीएमओ डॉ जगदीश वर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओ का सहयोग मिल रहा है
: कोरोना संक्रमण को खत्म करने के लिए मिलकर पूरी क्षमता से काम करें - मुख्यमंत्री श्री चौहान
Sun, May 23, 2021
प्रदेश से कोरोना को पूरी तरह समाप्त करने के लिए हम सभी को मिलकर और पूरी क्षमता के साथ काम करना होगा। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को सीहोर जिले के बुधनी में समीक्षा बैठक में कही ।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वार्ड एवं गांव को जागरूक करना होगा। गांव एवं वार्ड स्तर पर बनी क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्य नागरिकों को निरंतर जागरूक करने का काम करें । उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक सैंपलिंग और टेस्टिंग करना होगा ।
श्री चौहान ने कहा कि क्राइसिस मैनेजमेंट के सदस्य नियमित रूप से आमजन को योग और प्राणायाम के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही गांव में किसी को भी सर्दी, जुकाम, बुखार हो तो उसे तुरंत जांच एवं उपचार के लिए कोविड सेंटर या अस्पताल भिजवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोरोना पॉजिटिव व्यक्तियों के घरों को माइक्रो कंटेनटमेंट जोन बनाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वह घर से बाहर ना निकले । उन्होंने किल कोरोना अभियान पूरी गंभीरता के साथ जारी रखने के निर्देश है।उन्होंने कहा कि होम आइसोलेशन में कोविड मरीजों की नियमित जांच एवं उपचार तथा काउंसलिंग सुनिश्चित की जाए ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लैक फंगस के इलाज के लिए सरकार समुचित व्यवस्था कर रही है । उन्होंने एक जून से अभियान चलाकर वैक्सीनेशन करने के लिए भी कहा है।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आव्हान किया कि कोरोना को समाप्त करने के लिए सक्रिय योगदान दें। वे यह सुनिश्चित करें कि गांव में कोई भी व्यक्ति बीमार हो तो उसे बिना विलंब उपचार मिले। उन्होंने कहा कि महामारी विशेषज्ञों द्वारा कोरोना की तीसरी लहर की आशंका व्यक्त की गई है। प्रदेश सरकार इसके लिए पूरी तैयारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पॉजिटिविटी रेट निरंतर कम हो रहा है। हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक कोरोना समाप्त नहीं हो जाता। सरकार पूरी क्षमता से कोविड से लड़ाई लड़ रही है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि बुधनी में 300 बिस्तरों का कोविड केयर सेंटर बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को त्वरित लाभ एवं उपचार की सुविधा मिल सकेगी। श्री चौहान ने कोरोना संक्रमण की जनपद वार समीक्षा की। बैठक में संभागायुक्त श्री कविंद्र कियावत, कलेक्टर श्री चंद्र मोहन ठाकुर तथा सीईओ जिला पंचायत श्री हर्ष सिंह ने जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम तथा इलाज के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।