: सागर,पकड़ी गई 972 बल्क लीटर अवैध शराब राजसात
Mon, Nov 29, 2021
सागर।कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी दीपक आर्य ने चैकिंग के दौरान विगत 22 अप्रैल को देवरी थाना अंतर्गत चार पहिया वाहन से पकड़ी गई 972 बल्क लीटर अवैध शराब कीमत 3 लाख 82 हजार 500 रूपये को राजसात करने का आदेश दिया है।
उन्होंने यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह के प्रस्ताव पर की है। साथ ही वाहन बोलेरो क्रमांक एमपी 04 सीएल 0168 की संलिप्तता न पाए जाने पर राजसात की कार्यवाही से मुक्त किया है। सहायक आबकारी आयुक्त को आदेशित किया गया है कि अपील अवधि 30 दिन के अवसान के पश्चात अपील न्यायालय से कोई आदेश प्राप्त नहीं होने की दशा में उक्त शराब का शासन के निर्देशानुसार निराकरण किया जाए।
: जबलपुर में सीलिंग की करीब ढाई एकड़ जमीन को भूमाफिया के कब्जे से मुक्त कराया गया
Mon, Nov 29, 2021
जिला प्रशासन की बड़ी कार्यवाही,आधारताल के कुदवारी में माफिया के कब्जे से मुक्त कराई पाँच करोड़ की ढाई एकड़ शासकीय सीलिंग की भूमि, 90 लाख रुपये के निर्माण भी ध्वस्त।
जबलपुर। मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार लगातार माफियाओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।इसी कड़ी में आज जबलपुर में सीलिंग की करीब ढाई एकड़ जमीन को भूमाफिया के कब्जे से मुक्त कराया गया।इस जमीन पर भूमाफिया हाजी इरशाद द्वारा बनाये जा रहे तीन अवैध ड्यूप्लेक्स भी जेसीबी लगाकर तोड़ दिए गए।जमीन और अवैध निर्माण की कीमत तकरीबन 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जबलपुर जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम और पुलिस के सहयोग से आधारताल तहसील के अंतर्गत ग्राम कुदवारी में माफिया दमन की यह कार्रवाई की गई।अधारताल इलाके के नायाब तहसीलदार संदीप जायसवाल ने बताया कि आमखेरा क्षेत्र के कुदवारी गांव में सीलिंग की लगभग तीन हजार वर्गफुट भूमि पर हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया है। कुदवारी की इस सीलिंग भूमि पर हाजी इरशाद द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा था। हाजी इरशाद इस जमीन पर तीन ड्यूप्लेक्स बनाकर बेचने की फिराक में था। नायाब तहसीलदार संदीप जायसवाल के मुताबिक कुदवारी में ही हाजी इरशाद ने एक कॉलोनी का निर्माण भी किया है। इसी कॉलोनी से लगी ढाई एकड़ सरकारी सीलिंग की जमीन पर उसने अवैध कब्जा कर रखा था।प्रशासन द्वारा की गई करवाई में सीलिंग की इस जमीन को भी भूमाफिया के कब्जे से मुक्त करा लिया गया।इस जमीन की कीमत 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है जबकि तोड़े गए निर्माण की अनुमानित कीमत 90 लाख है।
: नरसिंहपुर,1015 किलोग्राम महुआ लाहन व 14 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद,अवैध मदिरा के 6 प्रकरण दर्ज
Mon, Nov 29, 2021
नरसिंहपुर।कलेक्टर रोहित सिंह के निर्देशों के परिपालन में जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन व विक्रय के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शुक्रवार को वृत्त करेली के राजेन्द्र वार्ड, हनुमान वार्ड, ग्राम जौहरिया में दबिश देकर 1015 किलोग्राम महुआ लाहन (शराब बनाने का कच्चा माल) व 14 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई। जब्त की गई सामग्री एवं मदिरा का अनुमानित मूल्य 52 हजार 150 रूपये है। महुआ लाहन का सेंपल लेकर मौके पर विनष्टीकरण की कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान अवैध मदिरा से संबंधित 6 प्रकरण दर्ज किये गये। ये प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के प्रावधानों के तहत दर्ज किये गये। उक्त सम्पूर्ण कार्यवाही के दौरान आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर जमानत- मुचलके पर रिहा किया गया।
अभियान जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती अम्रता जैन व सहायक जिला आबकारी अधिकारी डीसी चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। दबिश की कार्रवाई के दौरान आबकारी उप निरीक्षक सतीश, आबकारी मुख्य आरक्षक राकेश बोहरे, आबकारी आरक्षक नवल सिंह ठाकुर, गोपाल राजपूत, दीपांश चौकसे और नगर सैनिक राधा बाई पटैल मौजूद रही।