समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 14 अगस्त को नेगुआ में होगा जनसंवाद शिविर
Aditi News Team
Mon, Aug 10, 2026
समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 14 अगस्त को नेगुआ में होगा जनसंवाद शिविर
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने सोमवार को आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आमजन से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों के लिए चिन्हित शिकायतों एवं प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर से पहले ही आमजन से संबंधित प्रमुख समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जाए।अभियान के अंतर्गत दूसरा शिविर 14 अगस्त को ग्राम पंचायत नेगुआ में जनसंवाद शिविर आयोजित किया जाएगा।कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान जिन समस्याओं की जानकारी पहले से है, उनका निराकरण मैदानी स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए तथा प्राप्त शिकायतों के जवाब समय पर प्रस्तुत किए जाएं।
शिविर में प्राप्त शिकायतों, लोकसेवा गारंटी एवं अन्य प्रकरणों की समीक्षा होगी। इसके बाद जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। उद्यमी संवाद के माध्यम से स्वरोजगार एवं उद्योग संबंधी प्रकरणों पर चर्चा की जाएगी। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार क्षेत्र भ्रमण एवं जनसंवाद में उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कैम्प में टीकाकरण, कुपोषण, स्वास्थ्य जांच एवं एनीमिया की जांच जैसी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य जांच शिविरों के माध्यम से आमजन तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने तथा संस्थागत प्रसव एवं गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांचों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मूंग उपार्जन की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उपार्जन केंद्रों पर मूंग के उठाव एवं परिवहन की स्थिति की निगरानी करने को कहा।
योजनाओं के शत-प्रतिशत कवरेज पर जोर
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए मैदानी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने योजनाओं के शत-प्रतिशत सैचुरेशन तथा पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की दिशा में विभागवार कार्यवाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
15 अगस्त की तैयारियों की भी की समीक्षा
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
नरसिंहपुर सीईओ जिला पंचायत गजेन्द्र सिंह नागेश