इंदौर में अवैध शराब पर आबकारी विभाग कार्रवाई : दो दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई, 500 पेटी शराब बरामद
Aditi News Team
Tue, Sep 8, 2026
इंदौर में अवैध शराब पर आबकारी विभाग कार्रवाई
दो दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई, 500 पेटी शराब बरामद
इंदौर।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर इंदौर आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 500 पेटी शराब बरामद की गई है। आबकारी विभाग द्वारा दो दिनों में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम को देव नगर क्षेत्र में पंचमुखी हनुमान मंदिर से आरटीओ की ओर जाने वाले मार्ग पर बाईं ओर एक संदिग्ध वाहन खड़ा दिखाई दिया। संदेह के आधार पर आबकारी टीम द्वारा वाहन को रोककर उसकी विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एम बूस्टर प्लस आयशर वाहन क्रमांक MP09 GH 2370 से पैरिस रोज प्रीमियम व्हिस्की ब्रांड की 180 एमएल धारिता वाली शराब के लगभग 500 पेटी बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। बड़ी मात्रा में अवैध शराब की खेप बरामद होने के बाद आबकारी विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। विभाग द्वारा शराब की खेप के स्रोत, गंतव्य तथा इसके अवैध परिवहन में शामिल व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। आबकारी विभाग को इस कार्रवाई के माध्यम से संभावित अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। विभाग द्वारा संबंधित व्यक्तियों एवं पूरे नेटवर्क की कड़ियों की जांच की जा रही है। अवैध शराब के परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
कलेक्टर शिवम वर्मा
इंदौर पुलिस अधीक्षक
इंदौर पुलिस कमिश्नर