तेंदूखेड़ा में निकली संत रविदास जी की कलश वंदन यात्रा : विधायक श्री पटेल ने भगत सिंह वार्ड में मंदिर निर्माण के लिए किया भूमिपूजन तेंदूखेड़ा से डोभी तक निकली यात्रा,
Aditi News Team
Mon, Aug 31, 2026
विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल के नेतृत्व में तेंदूखेड़ा में निकली संत रविदास जी की कलश वंदन यात्रा
विधायक श्री पटेल ने भगत सिंह वार्ड में मंदिर निर्माण के लिए किया भूमिपूजन
तेंदूखेड़ा से डोभी तक निकली यात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
संत शिरोमणि श्री गुरुदेव रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन उपलक्ष्य में सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के तहत तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया गया। तेंदूखेड़ा विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने यात्रा में सहभागिता कर श्रद्धापूर्वक कलश वंदन किया तथा यात्रा का नेतृत्व करते हुए तेंदूखेड़ा से डोभी तक नागरिकों के साथ सहभागिता की। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में जनसमुदाय ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक एकता, समानता, भाईचारे एवं समरसता का संदेश दिया।
यात्रा के दौरान विधायक श्री पटेल ने नगर परिषद तेंदूखेड़ा के वार्ड क्रमांक एक भगत सिंह वार्ड स्थित रविदास मंदिर में मंदिर निर्माण के लिए विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया। विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ पूजन-अर्चन कर संत शिरोमणि श्री गुरुदेव रविदास जी के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
कलश, ध्वज एवं अंगवस्त्र के साथ निकली यात्रा का तेंदूखेड़ा नगर में भव्य स्वागत किया गया। यात्रा में नगर परिषद तेंदूखेड़ा के अध्यक्ष श्री विष्णु शर्मा, नगर परिषद उपाध्यक्ष श्री डालचंद पटेल, श्री शिवदयाल खैरोनिया, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मप्र जन अभियान परिषद की प्रस्फुटन एवं वार्ड विकास समितियों, नवांकुर संस्थाओं तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। मातृशक्ति एवं विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, पंथ एवं जाति-बिरादरी के प्रमुखों सहित बड़ी संख्या में नागरिक यात्रा में शामिल हुए।
तेंदूखेड़ा से डोभी तक निकली कलश वंदन यात्रा का ईश्वरपुर, काचरकोना, इमझीरा एवं डोभी सहित विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों एवं श्रद्धालुओं द्वारा आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। नागरिकों ने यात्रा में शामिल होकर संत शिरोमणि श्री गुरुदेव रविदास जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की तथा उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
यात्रा में सभी वर्गों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर समानता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया। यात्रा के माध्यम से संत रविदास जी के समतामूलक विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने संत रविदास जी के जीवन एवं दर्शन को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनके विचार समानता, सामाजिक न्याय, भाईचारे और मानवता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की शिक्षाओं को आत्मसात कर समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और समरसता को और मजबूत किया जा सकता है। नगर परिषद अध्यक्ष श्री विष्णु शर्मा ने भी संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता ही समरसता की वास्तविक शक्ति है। कलश वंदन यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, मातृशक्ति एवं क्षेत्रीय नागरिकों की सहभागिता रही।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल