करेली पुलिस ने अवैध गांजा जब्त कर 3 आरोपी पकड़े : करेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय आरोपी सहित तीन गिरफ्तार 2 किलो 420 ग्राम अवैध गांजा जब्त,
Aditi News Team
Tue, Aug 25, 2026
रिपोर्टर भागीरथ तिवारी
करेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय आरोपी सहित तीन गिरफ्तार
2 किलो 420 ग्राम अवैध गांजा जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज
करेली। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया तथा एसडीओपी मनोज गुप्ता के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन ईगल क्लॉ” के तहत करेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में अंतरराज्यीय आरोपी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 2 किलो 420 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।
यात्री प्रतीक्षालय में पुलिस को देखकर भाग रहे थे आरोपी
करेली थाना पुलिस टीम 21 अगस्त 2026 को स्टाफ के साथ बरमान व्यवस्था एवं सतधारा पुल व्यवस्था के लिए रवाना हुई थी। बरमान रेत घाट की ओर जाते समय बैहर तिराहा स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की।पूछताछ में आरोपियों की पहचान घनश्याम पिता कंधीलाल रजक, उम्र 30 वर्ष, निवासी मानेगांव तिराहा बरमान, थाना सुआतला, जिला नरसिंहपुर तथा दुष्मंत पात्र पिता बृजमोहन पात्र, उम्र 44 वर्ष, निवासी पिन्गू भादुखेड़ा, थाना करंजिया, जिला मयूरभंज, ओडिशा के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के संयुक्त कब्जे वाले बैग की तलाशी ली, जिसमें 1 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ।मामले में थाना करेली में अपराध क्रमांक 802/2026, धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
बघुवार रोड पर भी गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार
इसी अभियान के तहत 23 अगस्त 2026 को करेली पुलिस टीम अपराध विवेचना एवं पतासाजी के लिए करपगांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान बघुवार रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया और हाथ में रखे सफेद-लाल रंग के थैले को लेकर मंदिर के पीछे छिपने का प्रयास करने लगा।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दशरथ कौरव पिता रविशंकर कौरव, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पनारी बताया। उसके कब्जे से 1 किलो 220 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए थाना करेली में अपराध क्रमांक 805/2026, धारा 8/20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलिस के अनुसार प्रकरण में अन्य आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में भी जांच की जा रही है तथा संभावित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी करेली निरीक्षक रत्नाकर हिंगवे, उप निरीक्षक विजय धुर्वे, सहायक उप निरीक्षक सतीश राजपूत, प्रधान आरक्षक कुलदीप सोमकुंवर, प्रधान आरक्षक राजेंद्र उईके, आरक्षक कपिल राजपूत, अमित यादव, आकाश मिश्रा, प्रतुल्य गौतम, सचिन पटेल एवं चेतन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। करेली पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान के तहत लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना
थाना प्रभारी करेली निरीक्षक रत्नाकर हिंगवे,