Thursday 20th of August 2026

ब्रेकिंग

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत काशी तीर्थ यात्रा के लिए 196 सीटें आवंटित आवेदन की अंतिम तिथि 18 सितम्बर 2026

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर कलश वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ

नरसिंहपुर जिले में एक जून से 20 अगस्त तक की अवधि में औसत रूप से कुल 623.4 मिमी वर्षा दर्ज की गयी है

रोगी कल्याण समिति की बैठक में चिकित्सा उपकरण, मानव संसाधन एवं अस्पताल सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को मिली मंजूरी

राठी तिराहा से पुराना बस स्टैंड की तरफ जाने वाले सड़क मार्ग पर आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है जिम्मेदार ध्यान दे

श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के वातावरण में निकली कलश वंदन यात्रा : संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर कलश वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ

Aditi News Team

Thu, Aug 20, 2026

संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर कलश वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान का हुआ शुभारंभ

श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता के वातावरण में निकली कलश वंदन यात्रा

नरसिंहपुर।संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर जिले में कलश वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ श्री गुरु रविदास मंदिर, झिरना में श्रद्धा, उत्साह एवं सामाजिक समरसता के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के पूजन-अर्चन, कलश एवं ध्वज पूजन तथा आरती के साथ किया गया। इस अवसर पर पूज्य संतों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न समाजों एवं बिरादरियों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में माता-बहनों ने सहभागिता की।

पूजन-अर्चन के पश्चात श्री गुरु रविदास मंदिर, झिरना से भव्य कलश वंदन यात्रा प्रारंभ हुई। रथ, कलश एवं ध्वज के साथ निकली यात्रा में संतवृंद, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, माता-बहनें, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि एवं आमजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। यात्रा गांधी चौक होते हुए भगवान नरसिंह मंदिर पहुंची, जहां समरसता संवाद एवं कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जनप्रतिनिधियों एवं संतों ने की सहभागिता

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश ककोड़िया, विधायक तेंदूखेड़ा श्री विश्वनाथ सिंह पटेल, विधायक गोटेगांव श्री महेंद्र नागेश, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेंद्र ठाकुर, नगरपालिका परिषद नरसिंहपुर के अध्यक्ष श्री नीरज महाराज, श्री रामस्नेही पाठक, श्री शौरभ ताराचंद्र बबरिया एवं श्रीमती निशा सोनी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर पूज्य महंत श्री बालकदास जी खिरका मंदिर गाडरवारा, पूज्य स्वामी श्री अमृतानंद जी महाराज, स्वामी त्यागीनाथ जी महाराज चिनकी, संत रविदास मंदिर आश्रम बेलखेड़ी के पुजारी आचार्य श्री हरिशंकर दास जी, कर्मकांडी ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष श्री महाकाल महाराज जी, भारत विकास परिषद के रीजनल प्रेसिडेंट इंजीनियर श्री सुनील कोठारी, रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन डॉ. अनंत कुमार दुबे, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री महंत प्रीतम पुरी, श्री सुरेंद्र मोहन नेमा तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।

भजन एवं नृत्य प्रस्तुति ने बांधा समां

समरसता संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, कलश पूजन, संतों के सम्मान एवं भजन के साथ हुआ। सीनियर आदिवासी कन्या छात्रावास, गाडरवारा की छात्राओं ने संत श्री गुरु रविदास जी के भजन पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया।

सामाजिक समरसता एवं समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

कार्यक्रम में विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल एवं श्री महेंद्र नागेश ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के जीवन, विचारों एवं वर्तमान समय में उनकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। श्री रामस्नेही पाठक ने कलश वंदन यात्रा के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए आगामी 20 दिवसीय यात्रा में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता का आह्वान किया। पूज्य महंत श्री बालकदास जी एवं स्वामी श्री अमृतानंद जी महाराज ने सामाजिक समरसता, सनातन संस्कृति के पवित्र विचारों तथा भारतीय सामाजिक संरचना की विशेषताओं पर प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेंद्र सिंह ने शासन के समरसता संकल्प अभियान के उद्देश्य एवं सामाजिक समरसता की भावना पर प्रकाश डाला। श्री शौरभ ताराचंद्र बबरिया ने मध्यप्रदेश शासन द्वारा आयोजित कलश वंदन यात्रा के उद्देश्यों, विभिन्न गतिविधियों एवं जिले में यात्रा की रूपरेखा की जानकारी देते हुए अधिकाधिक जनभागीदारी का आह्वान किया।

मंडल प्रभारियों को प्रदान किए गए कलश

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न मंडलों के प्रभारियों को कलश प्रदान किए गए। कार्यक्रम में श्री रविदास मंदिर समिति के पदाधिकारी, गणमान्यजन, माता-बहनें, छात्र-छात्राएं तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की वार्ड एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्य, मेंटर्स एवं समन्वयक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, नरसिंहपुर के जिला समन्वयक श्री जयनारायण शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष श्री राहुल कौरव ने किया। कलश वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में सामाजिक एकता, समरसता तथा संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के समानता, भक्ति, सेवा एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

विधायक गोटेगांव महेन्द्र नागेश

तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल

जरूरी खबरें