अपर कलेक्टर ने तेंदूखेड़ा एवं चावरपाठा क्षेत्र का किया : राजस्व न्यायालयों में लंबित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
Aditi News Team
Fri, Sep 4, 2026
अपर कलेक्टर ने तेंदूखेड़ा एवं चावरपाठा क्षेत्र का किया निरीक्षण
राजस्व न्यायालयों में लंबित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
नरसिंहपुर, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह ने तेंदूखेड़ा एवं चावरपाठा क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न संस्थानों एवं शासकीय कार्यालयों का गुरुवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर कलेक्टर श्री सिंह ने आशीर्वाद गैस एजेंसी तेंदूखेड़ा, आशीर्वाद पेट्रोलियम तेंदूखेड़ा, न्यायालय तहसीलदार तेंदूखेड़ा, न्यायालय नायब तहसीलदार चावरपाठा तथा पैक्स सहकारी समिति ढिलवार का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संस्थानों में संचालित कार्यों, व्यवस्थाओं एवं आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व न्यायालयों में लंबित नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों की विशेष रूप से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न हो और आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की सेवाओं एवं योजनाओं का प्रभावी लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ ही उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करें तथा आमजन को शासन की सेवाओं का सहज एवं समय पर लाभ उपलब्ध कराएं।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
अपर कलेक्टर नरसिंहपुर