दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को छात्रावास में प्रवेश का अवसर : उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर के बालक-बालिका छात्रावासों में 25-25 सीटों की वृद्धि
Aditi News Team
Tue, Aug 18, 2026
उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर के बालक-बालिका छात्रावासों में 25-25 सीटों की वृद्धि
दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिलेगा छात्रावास में प्रवेश का अतिरिक्त अवसर
नरसिंहपुर, 18 अगस्त 2026. शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर में संचालित 100-100 सीटर बालक एवं बालिका छात्रावासों में अब 25-25 अतिरिक्त सीटों की वृद्धि की गई है। इस संबंध में संचालक, लोक शिक्षण मध्यप्रदेश द्वारा अनुमति प्रदान की गई है।
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर में संचालित बालक एवं बालिका छात्रावासों की निर्धारित 100-100 सीटों पर चयन प्रक्रिया पहले ही पूर्ण की जा चुकी थी। इसके बाद छात्रावास में प्रवेश के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में निवासरत पालकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार आवेदन प्राप्त हो रहे थे। विद्यार्थियों की आवश्यकता एवं प्राप्त आवेदनों को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन द्वारा प्रस्ताव एवं जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया।
प्रस्ताव पर विचारोपरांत संचालक, लोक शिक्षण मध्यप्रदेश द्वारा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर के 100-100 सीटर बालक एवं बालिका छात्रावासों में क्रमशः 25-25 सीटों की वृद्धि की अनुमति प्रदान की गई है। इस निर्णय से अब बालक छात्रावास में 125 तथा बालिका छात्रावास में 125 सीटें उपलब्ध होंगी। सीटों में वृद्धि से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से उत्कृष्ट विद्यालय में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को आवासीय सुविधा मिल सकेगी। इससे विद्यार्थियों को प्रतिदिन लंबी दूरी तय करने, आवागमन में होने वाले समय एवं व्यय तथा अभिभावकों की सुरक्षा संबंधी चिंता से भी राहत मिलेगी।
छात्रावासों में सीट वृद्धि से विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे और वे सुरक्षित वातावरण में रहकर अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह