तिरंगे के रंग में रंगा नरसिंहपुर, गूंजे भारत माता के जयकारे : "हर घर तिरंगा" अभियान के शुभारंभ पर निकली भव्य तिरंगा यात्रा
Aditi News Team
Sun, Aug 9, 2026
तिरंगे के रंग में रंगा नरसिंहपुर, गूंजे भारत माता के जयकारे
"हर घर तिरंगा" अभियान के शुभारंभ पर निकली भव्य तिरंगा यात्रा

स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव की उमंग और देशभक्ति की भावना से रविवार को नरसिंहपुर शहर तिरंगे के रंग में रंग गया। सम्पूर्ण देश में 9 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का जिले में भव्य तिरंगा यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर निकले नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना। भारत माता के जयकारों और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा में कैबिनेट मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल एवं श्री महेंद्र नागेश, वरिष्ठ समाजसेवी श्री रामसनेही पाठक, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. मीणा तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। यह तिरंगा यात्रा मंडी चौराहा से जैन मंदिर तिराहा तक निकाली गई।
हाथों में तिरंगा, दिल में हिंदुस्तान
तिरंगा यात्रा कृषि उपज मंडी से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निर्धारित स्थल पर पहुंची। यात्रा के दौरान आगे बढ़ते प्रतिभागियों के हाथों में शान से लहराता तिरंगा और जुबां पर ‘भारत माता की जय’ एवं ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष वातावरण को देशभक्ति से सराबोर करते रहे। तिरंगा यात्रा में शामिल हर वर्ग के लोगों के उत्साह और उमंग ने राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।
जनप्रतिनिधियों से लेकर विद्यार्थियों तक ने बढ़ाया उत्साह
तिरंगा यात्रा में नगर पालिका के पार्षदगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, खेल संगठनों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी, युवा तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा लेकर एक साथ कदम से कदम मिलाते जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और युवा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देते नजर आए।
तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम का संदेश
तिरंगा यात्रा के माध्यम से जिलेवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने नागरिकों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को अभिव्यक्त करें।
"हर घर तिरंगा अभियान" के अंतर्गत 9 से 17 अगस्त तक जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर आमजन को अभियान से जोड़ा जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में तिरंगे के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करना है।
इस अवसर पर मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में "हर घर तिरंगा" अभियान की शुरुआत की गई थी, जो आज भी सतत रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का स्पष्ट संदेश है कि यह अभियान हर समाज, हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए। अभियान के अंतर्गत आयोजित रैलियों एवं कार्यक्रमों में देश के प्रत्येक नागरिक- चाहे वह किसी भी क्षेत्र में कार्यरत हो- को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि इस अभियान में किसी प्रकार का औपचारिक प्रोटोकॉल नहीं है, बल्कि एक ही सर्वोच्च प्रोटोकॉल है- भारत माता और तिरंगा। उन्होंने "झंडा ऊंचा रहे हमारा" के भाव के साथ सभी नागरिकों से तिरंगे के सम्मान को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। उन्होंने देश को आजादी दिलाने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र की पहचान और गौरव का प्रतीक है। हम सभी का दायित्व है कि आने वाली पीढ़ी को भी तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति के मूल्यों के प्रति जागरूक और सजग बनाएं। कार्यक्रम के अंत में मंत्री श्री पटेल ने तिरंगा रैली में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
Tags :
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना
तेंदूखेड़ा विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल
केबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मध्य प्रदेश शासन भोपाल