घी के 8 ब्रांड स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक : मुरैना में 4 दुकानों से 4.12 लाख का घी जब्त।
Aditi News Team
Sun, Aug 9, 2026
घी के 8 ब्रांड स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक,मुरैना में 4 दुकानों से 4.12 लाख का घी जब्त।
मुरैना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक बताए जा रहे घी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की दो टीमों ने गुरुवार रात और शुक्रवार को मुरैना शहर और जौरा में चार प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान करीब 4 लाख 12 हजार रुपये कीमत का घी जब्त किया गया है। टीम ने अलग-अलग ब्रांड के घी के सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल स्थित स्टेट लैब भेजे हैं।
गुरुवार शाम करीब 7 बजे मुख्यालय खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने मुरैना के मारकंडेश्वर बाजार स्थित महेश चंद्र प्रदीप कुमार बंसल के घी गोदाम पर कार्रवाई की।
गोदाम में धौलपुर फ्रेश ब्रांड का करीब 625 किलो घी मिला, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक इस ब्रांड के घी को जांच में स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित बताया गया है। टीम ने मौके से घी जब्त कर उसके सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल परिहार के अनुसार गोदाम से 15 किलो वजन के 32 टीन, 450 एमएल की पांच पेटियां, 180 एमएल की तीन पेटियां और 90 एमएल की दो पेटियां जब्त की गईं।
बताया गया है कि यह घी थोक रेट पर खुदरा व्यापारियों के साथ-साथ तेरहवीं, दस्तौन, सगाई और शादी जैसे आयोजनों में भी सप्लाई किया जा रहा था।
इसके बाद शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जीवाजीगंज स्थित महाकाल इंटरप्राइजेज के गोदाम पर छापा मारा। यहां से गोवर्धन ब्रांड गाय के घी के 500 ग्राम के 18 पैकेट जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 6 हजार 660 रुपये बताई गई है। टीम ने यहां से मिक्स अचार के सैंपल भी लिए।
वहीं तेलीपाड़ा स्थित एसएम ट्रेडिंग कंपनी से उमंग घी के सैंपल लिए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य बाजार में बिक रहे संदिग्ध और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना और लोगों के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना है।
अब भोपाल लैब से आने वाली जांच रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट होगा कि जब्त किए गए घी के नमूनों में किस तरह की गड़बड़ी पाई गई है और संबंधित कारोबारियों पर आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल परिहार
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता