: संगीतमय श्रीमदभागवत कथा 2 जून से
Sun, May 26, 2024
संगीतमय श्रीमदभागवत कथा 2 जून सेगाडरवारा। समीपी ग्राम सांगई में 2 जून से संगीतमय श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 जून को सुबह 10 बजे से ग्राम में कलश यात्रा निकाली जाएगी तदोपरांत श्री गणेश पूजन के बाद प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक वृदांवन धाम के कथावाचक रविकांत मिश्रा जी (रसिक) के मुखारबिंद से श्रीमद भागवत कथा सुनाई जाएगी। कथा के समापन पर 8 जून को पूर्णाहुति एवं महाप्रसादी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विदित हो कि कथा के मुख्य यजमान दामोदर केवट एवं कथा के प्रेरणा स्रोत बगदरा के आचार्य शिवराम भार्गव हैं। श्री बाल रामायण मंडल एवं सांगई के समस्त ग्रामवासियों ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से श्रीमद भागवत कथा में उपस्तिथि की अपील की है।
: नरसिंहपुर,पंचमुखी बीजापूर गणेश को कल शनिवार लगेगा 56 व्यंजनों का भोग, महाआरती होगी
Fri, May 24, 2024
पंचमुखी बीजापूर गणेश को कल लगेगा 56 व्यंजनों का भोग, महाआरती होगी
प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा का एक वर्ष पूर्ण होने पर प्राचीन नरसिंह मंदिर में कार्यक्रम
नरसिंहपुर। श्री नरसिंह मंदिर में विराजे पंचमुखी बीजापूर भगवान श्री गणेश जी की स्थापना के 1 वर्ष पूर्ण होने पर कल शनिवार को धार्मिक-सांस्कृतिक उत्सव मनाया जाएगा। समारोह को लेकर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह है। कार्यक्रमों की शुरूआत आज प्रात: 9 बजे से भगवान श्री गणेश का अभिषेक अर्चन एवं हवन के साथ होगी। दोपहर में महिला मंडल द्वारा भजन कीर्तन एवं शाम 4 से कन्यापूजन , कन्या भोज होगा। आयोजन से जुड़े श्री देव नरसिंह मंदिर ट्रस्ट, जाट युवा मोर्चा, श्री मित्र गणेश मंडल ने बताया कि शाम 5.30 भगवान श्री गणेश को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात रात 7 महाआरती एवं रात 8. 30 बजे से श्री गणेश चालीसा पाठ, भजन होंगे। उक्त कार्यक्रमों में सभी से उपस्थिति और सहभागिता की अपील की गई है।
ढाई सौ वर्ष बाद हुई थी स्थापना
नगर के प्राचीन नरसिंह मंदिर में करीब ढाई सौ वर्षो से अधिक समय से भगवान श्री गणेश की मूर्ति स्थापना के लिए स्थान रिक्त था। बीते वर्ष द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज के सानिध्य व मार्गदर्शन में 23 मई से तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की शुरूआत हुई थी। जिसके तहत 25 मई को श्री पंचमुखी भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। शंकराचार्य ने ही भगवान गणेश की पंचमुखी प्रतिमा को बीजापूर गणेश का नाम देते हुए पूजन किया था। आज होने वाल उत्सव को लेकर मंदिर ट्रस्ट ने विशेष रूप से मंदिर की साज सज्जा की है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने घर पर बनाकर 56 प्रकार के व्यंजनों को लेकर आएंगे और भगवान को भोग अर्पित करेंगे।
: गाडरवारा,रायपुर के स्कूल में हनुमंत कथा आयोजित दिवंगत स्कूली छात्र की स्मृति में हुआ आयोजन
Fri, May 24, 2024
रायपुर के स्कूल में हनुमंत कथा आयोजित
दिवंगत स्कूली छात्र की स्मृति में हुआ आयोजन
गाडरवारा। गत दिवस क्षेत्र के चीचली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम रायपुर के शासकीय उ मा विद्यालय में एकदिवसीय हनुमंत कथा का आयोजन विद्यालय के छात्र स्व श्रीकांत कौरव की स्मृति में किया गया। कथा में गुरुजनों एवं ग्रामीणों ने उक्त दिवंगत छात्र को अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। हनुमंत कथा मे कथावाचक पंडित वीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि जिस प्रकार हनुमान जी अपने ईष्ट भगवान राम की आज्ञा का पालन करते थे ठीक उसी प्रकार छात्र छात्राओं को भी अपने गुरुजी की आज्ञा का पालन करना चाहिए। प्रभु हनुमान जी अजर अमर हैं उन्हें रामायण में जामवंत एवं नल व नील ने अपने पराक्रम एवं बल का अहसास कराया था जिसके परिणामवरूप हनुमान जी समुद्र को पार करके लंका में माँ सीताजी का पता लगाकर आये थे। कथा में श्री शास्त्री ने कहा कि छात्र छात्राओं में प्रतिभा की कोई कमी नही रहती जरूरत उस प्रतिभा को निखारने की होती है। उन्होंने आगे कहा कि इस स्कूल में शिव जी,माता सरस्वती जी एवं हनुमान जी के मंदिर बने है जो कि शाला के वातावरण को बेहतर बनाते हैं। हनुमंत कथा का समापन आरती उपरांत प्रसादी वितरण से किया गया। हनुमंत कथा के पूर्व प्राचार्य गजेंद्र कौरव ने कथावाचक का स्वागत माला पहनाकर किया । कथा में स्कूल स्टाफ सहित अनेक ग्रामवासी एवं स्कूल के छात्र छात्राओं की उपस्थिति रही।