शासकीय कन्या विद्यालय में बाल मेले का हुआ आयोजन : गाडरवारा के शा.कन्या उच्च.मा.विद्यालय में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं.जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिवस पर
Aditi News Team
Sat, Nov 14, 2026
शासकीय कन्या विद्यालय में बाल मेले का हुआ आयोजन
गाडरवारा। स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्म दिवस बाल दिवस के रूप में बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, साथ ही छात्राओं द्वारा व्यंजनों के स्टॉल लगाकर बाल मेले का भी आयोजन किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। बाल मेले का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती मालती मेहरा एवं अन्य शिक्षिकाओं द्वारा रिबन काटकर किया । इस दौरान सभी छात्राओं ने करतल ध्वनि के साथ अतिथियों का भव्य स्वागत किया। आयोजित स्लो साइकिल दौड़ में राशिका केवट एवं हेमलता धानक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता जो कुल पांच राउंड में संपन्न हुई, उसमें शीतल साहू, लक्ष्मी कहार, याशिका कोरी, कोमल प्रीतकौर, सीता छीपा और प्रिंसी मेहरा ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार हासिल किए।
बाल मेले में छात्राओं द्वारा लगाए गए व्यंजन स्टॉल सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। अतिथियों ने स्टॉलों पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सभी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। छात्राओं ने अपने हाथों से बनाए स्वादिष्ट व्यंजनों से सभी का मन जीत लिया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन से रश्मि शुक्ला, श्रीमती निर्मला पाराशर, आरती कौरव, मुस्कान यादव, सीमा कोरी आदि का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
सभी प्रतियोगिताओं में विद्यालय की छात्राओं ने उत्साह के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया।
Tags :