जल जीवन मिशन के धीमे प्रगति कार्य पर कलेक्टर की नाराजगी : निर्धारित-सीमा में कार्य पूर्ण कराएं, लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर पेनाल्टी एवं ब्लैकलिस्ट करने की होगी कार्रवाई
Aditi News Team
Sat, Nov 14, 2026
जल जीवन मिशन के कार्यों में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी
निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराएं, लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर पेनाल्टी एवं ब्लैकलिस्ट करने की होगी कार्रवाई
पूर्ण हो चुकी नलजल योजनाओं का शीघ्र ग्राम पंचायतों को करें हस्तांतरण
नरसिंहपुर।कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अंतर्गत जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पायली जल समूह योजना एवं जिले में संचालित एकल नलजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर ने कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं का ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पायली जल समूह योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि फरवरी 2027 में ग्राम खुर्सीपार, उसरी, उमरिया, चंडाल डुंगरिया सहित अन्य ग्रामों में तथा मार्च 2027 तक समूह योजना के माध्यम से जलप्रदाय प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कलेक्टर ने संबंधित ग्राम पंचायतों में योजना के संधारण एवं हस्तांतरण की प्रक्रिया के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों द्वारा योजनाओं का क्रियान्वयन एवं संधारण किस प्रकार किया जाएगा, इसकी विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग नरसिंहपुर को प्रेषित की जाए।
बैठक में कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बताया गया कि जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में कुल 890 एकल नलजल योजनाओं में से 754 योजनाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष योजनाओं के कार्य प्रगतिरत हैं। कलेक्टर ने पूर्ण हो चुकीं, लेकिन अभी तक ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित नहीं की गई योजनाओं को शीघ्र हस्तांतरित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्राम पंचायतों के माध्यम से उनका नियमित संचालन एवं संधारण किया जा सके।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के दौरान मेसर्स एलेक्ट्रा कंस्ट्रक्शन बिहार, मेसर्स सिनाया इन्फा नरसिंहपुर, मेसर्स वैभव कंस्ट्रक्शन बिहार, मेसर्स आर.एस. चौहान, मेसर्स नेह सुमन चौबे जबलपुर, मेसर्स गौरव ट्रेडर्स शाजापुर एवं मेसर्स विनायका एसोसिएट्स शिवपुरी द्वारा कार्यों में धीमी प्रगति पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित ठेकेदारों, उपयंत्रियों एवं सहायक यंत्रियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित ठेकेदार निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण कराएं। कार्यों में लापरवाही एवं अनावश्यक विलंब करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध पेनाल्टी लगाने तथा ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के कार्यों की सतत निगरानी करने तथा प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह