70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के मैच शुरू : पहले दिन छह मैदानों पर खेले गए मैच, तमिलनाडु, बिहार, नवोदय विद्यालय समिति, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और केरल की टीमें जीती
Aditi News Team
Thu, Nov 12, 2026
70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के मुकाबलों का रोमांच शुरू
पहले दिन छह मैदानों पर खेले गए मैच, तमिलनाडु, बिहार, नवोदय विद्यालय समिति, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और केरल की टीमों ने दर्ज की जीत
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में तथा प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के प्रयासों से आयोजित 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के मुकाबलों का रोमांच बुधवार से शुरू हो गया। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न राज्यों एवं शैक्षणिक संगठनों की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार क्षेत्र के छह खेल मैदानों पर मैचों का आयोजन किया गया। पहले दिन जनपद पंचायत मैदान चीचली, एनटीपीसी खेल मैदान, वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी खेल मैदान आमगांव छोटा, ग्राम कोंडिया खेल मैदान तथा शासकीय राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान बोहानी में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
तमिलनाडु ने दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव को हराया
एनटीपीसी खेल मैदान पर तमिलनाडु एवं दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव (डीएनएचडीडी) की टीमों के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएनएचडीडी की टीम ने 20 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 122 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी तमिलनाडु की टीम ने सबरीस की 12 गेंदों में 24 रनों की तेजतर्रार पारी की मदद से 11वें ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 6 विकेट से जीत दर्ज की।
बिहार ने छत्तीसगढ़ को 62 रनों से हराया
शासकीय राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान बोहानी में बिहार और छत्तीसगढ़ के बीच मुकाबला हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 152 रन बनाए। बिहार की ओर से हरिओम ने 41 गेंदों में 43 तथा उत्कर्ष ने 23 गेंदों में 31 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं। छत्तीसगढ़ की ओर से आलोक जना ने 27 रन देकर 3 विकेट और मनजीत ने 22 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ की टीम प्लेयर ऑफ द मैच कुमार शान की शानदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी। कुमार शान ने 5 विकेट लेकर छत्तीसगढ़ की पारी को 18वें ओवर में 90 रनों पर समेट दिया। बिहार ने यह मुकाबला 62 रनों से जीत लिया।
नवोदय विद्यालय समिति ने आईबीएसओ को 36 रनों से दी शिकस्त
जनपद पंचायत मैदान चीचली में नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) और इंटरनेशनल बोर्ड स्कूल स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन (आईबीएसओ) के बीच मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एनवीएस की टीम ने संजीव कुमार के 68 और दिनेश ठाकुर के 44 रनों की पारियों की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 160 रन बनाए। जवाब में आईबीएसओ की टीम 17वें ओवर में 124 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार एनवीएस ने 36 रनों से जीत दर्ज की। बल्ले से 68 रन बनाने और गेंद से 6 विकेट हासिल करने वाले संजीव कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
उत्तराखंड ने सीआईएससीई को 124 रनों से हराया
ग्राम कोंडिया के खेल मैदान पर उत्तराखंड और काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) के बीच मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड की टीम ने प्लेयर ऑफ द मैच उत्कर्ष शर्मा के 62 और अर्श के 39 रनों की शानदार पारियों की मदद से 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 237 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीआईएससीई की टीम निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर केवल 113 रन ही बना सकी। उत्तराखंड ने 124 रनों से शानदार जीत दर्ज की।
जम्मू-कश्मीर ने आंध्रप्रदेश को 116 रनों से हराया
वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी खेल मैदान आमगांव छोटा में खेले गए पहले मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की टीम ने आंध्रप्रदेश को 116 रनों से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 231 रन बनाए। जवाब में आंध्रप्रदेश की टीम 115 रनों पर ही सिमट गई। इस मुकाबले में कर्मवीर शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
केरल ने हरियाणा को 8 विकेट से दी मात
इसी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में केरल ने हरियाणा को 8 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केरल की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 11वें ओवर में ही 2 विकेट खोकर 171 रन बना लिए और शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में श्रवणचंद को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों एवं शैक्षणिक संगठनों की टीमों की सहभागिता से गाडरवारा सहित आसपास के क्षेत्र में खेल उत्साह का माहौल बना हुआ है। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए आयोजन समिति, संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं खेल मैदान प्रभारियों द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा