: गाडरवारा, समर कैम्प के लिए प्रशिक्षण 13 मई को
Sat, May 13, 2023
समर कैम्प के लिए प्रशिक्षण 13 मई कोगाडरवारा। क्षेत्र के सभी ग्रामों में 6 वी कक्षा में प्रवेश लेने वाले छात्र छात्राओ की भाषा एवं गणित की बुनियादी शिक्षा को सुधारने के लिए 6 सप्ताह के समर केम्प का आयोजन प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन भोपाल द्वारा किया जाना है। इन समर कैम्पो में 10 वी, 11 वी , 12 वी एव कालेज के छात्र छात्राएँ व अक्षर साथी स्वयंसेवक के रूप में समर कैम्प की कक्षाओं का संचालन करेंगे। उक्त सभी स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से स्थानीय बीटीआई स्कूल गाडरवारा में चीचली एवं साईंखेड़ा ब्लॉक के स्वयंसेवको का प्रशिक्षण 13 मई को सुबह 11 बजे से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण हेतु जनपद शिक्षा केन्द्र साईंखेड़ा एवं चीचली से मास्टर ट्रेनरों के नामों के आदेश जारी किए जा चुके है। बीआरसी डी के पटैल एवं गिरीश पटैल ने प्रशिक्षण में सभी मास्टर ट्रेनरों एवं स्वयंसेवको से उपस्थिति की अपील की है ।
: गाडरवारा, एसएससी परीक्षा में सफल छात्र को घर जाकर किया सम्मानित
Sat, May 13, 2023
एसएससी परीक्षा में सफल छात्र को घर जाकर किया सम्मानितगाडरवारा । विगत दिवस स्थानीय निरंजन वार्ड निवासी हरिशंकर कुशवाहा के पुत्र एवं मेधावी छात्र आयुष कुशवाहा के एसएससी की परीक्षा में ऑल इंडिया लेवल पर 3324 वी रैंक प्राप्त करने पर गृह निवास जाकर राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त शिक्षक हल्के वीर पटेल एवं शिक्षक संदर्भ समूह जिला समन्वयक सिराज अहमद सिद्धकी,ब्लॉक समन्वयक मधुसूदन पटेल ,उत्कृष्ट शिक्षक राजेंद्र गुप्ता,उच्च माध्यमिक शिक्षक एच आर कुशवाहा एवं सुरेन्द्र पटैल ने सम्मानित किया। इस मौके पर कुशवाहा समाज के वरिष्ठ समाजसेवी लखन लाल पटवारी एवं प्रभात पटेल प्रांतीय उपाध्यक्ष उपस्थित रहे। इस मौके पर सभी ने छात्र आयुष की इस सफलता को उन्होंने क्षेत्र का उल्लेखनीय और गौरवपूर्ण कार्य बताया। इस अवसर पर छात्र आयुष ने संवाद के दौरान बताया कि शासकीय महाराणा प्रताप महाविद्यालय गाडरवारा से शिक्षा प्राप्त करने के उपरांत घर पर ही उन्होंने एसएससी की तैयारी की और इसमें किसी भी प्रकार की कोचिंग नहीं की। इस सफलता में विशेष रुप से छात्र की माता श्रीमती अंजना कुशवाहा का हाथ है एवं पिता जी का सहयोग है। शिक्षक हल्के वीर ने इसे बड़ी सफलता माना और ऐसे विद्यार्थी जो विभिन्न प्रकार की कंपटीशन की तैयारी कर रहे हैं उनके लिए एक प्रेरणादायी तथ्य है। जिला समन्वयक श्री सिराज अहमद सिद्दीकी की टीम एवं उपस्थित लोगों ने छात्र को उसके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामना प्रदान की परिवार को शुभकामनाएं दी। जब छात्र के पिता से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि समीपी ग्राम चिर्रिया से 13 वर्ष पूर्व हम लोग गाडरवारा के निरंजन वार्ड में रहने लगे और बहुत गरीबी में संसाधन जुटाते हुए बच्चों को पढ़ाया लिखाया है। ब्लॉक समन्वयक श्री पटेल ने यह महसूस किया कि जहां एक और विद्यार्थी समस्त संसाधनों के होते हुए भी वह मुकाम हासिल नहीं कर पाते जो इस विद्यार्थी ने संसाधन विहीन रहते हुए एसएससी की परीक्षा मैं ऑल इंडिया लेवल पर 3324 रैंक प्राप्त की है ।
: जिले में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान में सभी ग्राम पंचायतों में हो रहा शिविरों का आयोजन
Fri, May 12, 2023
हितग्राहियों को मौके पर मिल रहा योजनाओं का लाभ
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के दूसरे चरण की शुरूआत बुधवार 10 मई को की गई। वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने जिले में जनपद पंचायत नरसिंहपुर की ग्राम पंचायत देवरीकलां से अभियान की शुरूआत की। यह अभियान जिले में 31 मई तक चलाया जायेगा। अभियान के दौरान जिले की सभी ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों में मौके पर ही लोगों की समस्याओं का निराकरण भी किया जा रहा है।अभियान के दौरान विभिन्न विभागों की 67 प्रमुख नागरिक सेवाओं के आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है। शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों का निराकरण यथासंभव तत्काल हितग्राही के समक्ष ही किया जा रहा है। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण भी किया जा रहा है।इसी क्रम में शुक्रवार 12 मई को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में हितग्राहियों को लाभांवित कर उनकी समस्यायें निराकृत की गई। विकासखंड साईंखेड़ा की ग्राम पंचायत रम्पुरा में 4 दिव्यांगजनों, ग्राम पंचायत झिरियामाता में 2 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड/ दिव्यांगता प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। इसी तरह विकासखंड साईंखेड़ा की ग्राम पंचायत पिपरियाखुर्द में 10 हितग्राहियों को एवं ग्राम पंचायत बांसखेड़ा में 6 पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न पर्ची का वितरण किया गया। साथ ही अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण किया। गोटेगांव तहसील की ग्राम पंचायत ग्राम पंचायत रोहिया के शिविर में प्राप्त फौती के आवेदन का निराकरण कर हितग्राही को आदेश की प्रति प्रदान की गई। जनपद पंचायत नरसिंहपुर की ग्राम पंचायत मचवारा में बालिकाओं ने नाटक का मंचन कर लाड़ली लक्ष्मी योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाई।