: खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा घी, दही के नमूने लिए गए
Mon, Mar 13, 2023
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा घी, दही के नमूने लिए गए
झाबुआ : सोमवार, मार्च 13, 2023, 16:34 IST
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह के निर्देशन में आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवम नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जारी आदेश के पालन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लगातार कार्यवाही जाकर की गई। जिले में दूध एवं दूध से बने खाद्य पदार्थो का निर्माण, विक्रय एवं संग्रहण करने वाले कारोबारियों के निरंतर निरीक्षण एवं नमुना लिए जा रहे है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा देवनारायण दूध डेरी एवं जयंतसेन मार्केटिंग पर निरीक्षण कर दही, घी एवं इंटर स्टेरीफ़ाईड वेजिटेबल फैट के नमूने जाँच हेतु ल लिए गए है। देवनारायण डेरी पर मैजिक बॉक्स की सहायता से मौके पर ही दूध में नमक, शक्कर, यूरिया, डिटर्जेंट, मल्टोडेक्सट्रिन और सोयाबीन तेल की जाँच की गई। कार्यवाही के साथ साथ जागरूकता अभियान भी चलाया गया। जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा कार्यवाही के साथ ही साथ समय समय पर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। ट्रेनिंग सेंटर बाड़कुआ में आयोजित सी.एच.ओ. ट्रेनिंग में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह अलावा द्वारा फूड फोर्टिफिकेशन, साल्ट शुगर और ऑयल के उचित एवं सीमित उपयोग तथा फूड एडल्ट्रेशन जाँच करने के तरीके बताये गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह अलावा द्वारा बताया गया कि विभाग द्वारा शासन के निर्देशों के पालन में जिले में लगातार कार्यवाही जारी रहेगी तथा अपने आसपास खाद्य पदार्थो में किसी भी प्रकार की मिलावट होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को लिखित में शिकायत दर्ज करा सकते है।
: दिव्यांगजन सशक्तिकरण में सहयोग, मानवधर्म : राज्यपाल श्री पटेल
Mon, Mar 13, 2023
राज्यपाल द्वारा दिव्यकला मेला उद्घाटितराज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा है कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण प्रयासों में सहयोग मानव धर्म है। दिव्यकला मेला दिव्यांगजन की दिव्यशक्तियों के प्रदर्शन का मंच है। उनकी आत्म-निर्भरता की प्रभावी पहल है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आव्हान किया है कि दिव्यकला मेले की श्रृंखला में तीसरे भोपाल मेले में खरीददारी का रिकार्ड बनाएं। देश के विभिन्न स्थानों से उत्पाद लेकर आए दिव्यांग शिल्पकार, उद्यमियों को कोई भी सामान वापस नहीं ले जाना पड़े। श्री पटेल आज भोपाल हाट में आयोजित 10 दिवसीय दिव्य कला मेले के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर 48 दिव्यांग उद्यमियों को स्वसहायता समूह के माध्यम से स्वीकृत 16 लाख रूपए के ऋण के स्वीकृति आदेश प्रतीक स्वरूप तीन दिव्यांगजन में वितरित किए गए। राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का व्यक्तित्व संवेदनशील है। महिलाओं, वंचितों और दिव्यांगजन के कल्याण और विकास की योजनाएं उनके दिल से निकली है। मोदी जी में व्यक्ति, उसकी समस्याओं और सार्मथ्य को पहचानने की अद्भुत क्षमता और दिव्य दृष्टि है। शारीरिक अंग की खामी को विकलांगता के रूप में नहीं, व्यक्ति की दिव्य शक्तियों को पहचानने के लिए ही उन्होंने दिव्यांगजन का नाम दिया है। उन्होने समाज का आह्वान किया कि वह दिव्यांगजन की प्रतिभा को पहचाने और प्रोत्साहन में सहयोग करें। उन्होने दिव्यांगजन के आर्थिक स्वावलंबन के लिए केन्द्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। नागरिकों को होली, रंगपंचमी की शुभकामनायें दी। भोपाल में मेले के आयोजन को प्रदेश वासियों के लिए उत्सव की सौगात बताया। केन्द्रीय मंत्री सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता डा. वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने सबके लिए विकास के समान अवसर उपलब्ध कराए हैं। समावेशी समाज निर्माण का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वंचित और विकास की मुख्यधारा में पिछड़ों के सामाजिक आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए वर्ष 2014 में प्रारम्भ किए गए कार्यक्रमों, योजनाओं के परिणाम मिल रहे हैं। दिव्यांगजन आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बन रहे हैं। दिव्यांग उद्यमियों, कर्मचारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज दिव्यांगजन समाज का मूल्यवान मानव संसाधन है। अपनी अद्भुत प्रतिभा के साथ कार्य करते हुए स्वाभिमान के साथ जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से उनके प्रयासों में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि दिव्यकला मेलों का देश के विभिन्न 10 स्थानों पर आयोजन किया जाएगा। पहला मेला दिल्ली में कर्तव्यपथ के शुभारम्भ अवसर पर, दूसरा मुम्बई में और तीसरा भोपाल में लगा है। भोपाल के बाद कर्नाटक, पंजाब, गुजरात, राजस्थान, आसाम आदि राज्यों में मेलें लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मेले के साथ ही दिव्यकला शक्ति मंच का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें दिव्यांग कलाकार गीत, संगीत और नृत्य के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। केन्द्रीय राज्य मंत्री सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सुश्री प्रतिभा भौमिक ने कहा कि दिव्यांगजन की आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण के कार्यों में विभाग द्वारा पूर्ण सहयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में दिव्य कला मेले का आयोजन किया जा रहा है। भोपाल मेले में 19 राज्यों एवं केन्द्रशासित प्रदेशों के दिव्यांग शिल्पकार, दस्तकार और उद्यमी शामिल हो रहे हैं। मेले में लगी 107 स्टॉलों की सभी व्यवस्थाएं दिव्यांगजन द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि कर्तव्यपथ दिल्ली में लगे मेले में प्रतिभागियों द्वारा लाए गए समस्त उत्पाद बिक गए थे। उन्हें बाद में आपूर्ति के आर्डर भी मिले थे। उपमहानिदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री किशोर बाबूराव सुरवाड़े ने स्वागत उद्बोधन दिया। आभार प्रदर्शन राष्ट्रीय वित्त विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री अनिल कुमार ने किया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। आकाश में गुब्बारे छोड़े। मेले का भ्रमण कर उत्पादों की जानकारी प्राप्त की। समारोह का शुभारम्भ दीप प्रज्जवलन से किया। स्वागत गीत दृष्टिबाधित कलाकार श्री राजू राव ने प्रस्तुत किया। समारोह की गतिविधियों को सांकेतिक भाषा में सुश्री दीप्ति पटवा ने प्रस्तुत किया।
: सिहोरा,75 वें रविवार भी जारी रहा सिहोरा जिला आंदोलन,9 की बजाय अब 10 अप्रैल को होगी महारैली
Sun, Mar 12, 2023
75 वें रविवार भी जारी रहा सिहोरा जिला आंदोलन,9 की बजाय अब 10 अप्रैल को होगी महारैली
सिहोरा :-सिहोरा को जिला बनाने की मांग को लेकर लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति का धरना एवं प्रदर्शन 75 वें रविवार भी लगातार जारी रहा। समिति ने अपने धरना प्रदर्शन में सरकार पर सिहोरा की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए घोषणा की कि अब आर-पार की लड़ाई का शंखनाद करते हुए विशाल आम सभा और महारैली 9 अप्रैल की बजाय सोमवार 10 अप्रैल को निकाली जाएगी।
सिहोरा मझौली ढीमरखेड़ा और बहोरीबंद रहेंगे शामिल-
लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति के नागेंद्र क़ुररिया ने अपने संबोधन में बताया कि 10 अप्रैल को होने वाली आमसभा में संपूर्ण सिहोरा मझौली ढीमरखेड़ा और बहोरीबंद विकास खंड के सभी नागरिक भारी संख्या में सम्मिलित होंगे । विदित हो कि मध्य प्रदेश सरकार द्वारा 11 जुलाई 2003 को जारी राजपत्र में इन चारों विकास खंडों को सिहोरा जिला में शामिल करते हुए चतुर सीमा का निर्धारण करने वाला राज्यपाल के हस्ताक्षर युक्त राजपत्र का प्रकाशन किया गया था। उसके बाद 1 अक्टूबर 2003 को मध्य प्रदेश सरकार की कैबिनेट ने सिहोरा जिला की विधिवत मंजूरी दी थी। अंतिम अधिसूचना जारी होने के पूर्व विधानसभा आचार संहिता लग जाने के कारण 26 जनवरी 2004 को लागू होने वाला सिहोरा जिला आज 19 वर्षों बाद भी जिला बनने से वंचित है।
शिवराज सरकार से ही लेकर रहेंगे-
सिहोरा जिला आंदोलन किसी को हराने या जिताने का आंदोलन नहीं है ।लक्ष्य जिला सिहोरा आंदोलन समिति के मानस तिवारी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि वर्तमान का डेढ़ वर्षों से चल रहा आंदोलन किसी की सरकार बनाने या किसी की सरकार गिराने का आंदोलन नहीं बल्कि जिस सरकार को सिहोरा की जनता ने विगत 20 वर्षों से सिहोरा की सत्ता सौंपी है उससे क्षेत्र के सम्मान को प्राप्त करने का संघर्ष है, इसे राजनीतिक दृष्टि से देखा जाना नहीं चाहिए।हर हाल में इसी सरकार से इसी कार्यकाल में सिहोरा जिला लेकर रहेंगे।
जिला बनने तक जारी रहेगा आंदोलन-
समिति के अनिल जैन अमित बक्शी, राम लाल यादव, राम जी शुक्ला ने दोहराया जब तक सिहोरा जिला नहीं बन जाता उनका यह आंदोलन इसी प्रकार से निरंतर जारी रहेगा आगामी 10 अप्रैल को होने वाली रैली तक अगर मध्य प्रदेश सरकार ने सिहोरा को जिला नहीं बनाया तो फिर सरकार को सरकार की ही भाषा में समझाते हुए आंदोलन को नई दिशा दी जाएगी ।
आज के आंदोलन में समिति के कृष्ण कुमार क़ुररिया, रामजी शुक्ला अजय विश्वकर्मा नत्थू पटेल, सुशील जैन सुरेंद्र चौहान गौरी राजें, पन्नालाल सहित अनेक सिहोरावासी मौजूद रहे ।
रिपोर्टर -अनिल जैन सिहोरा