: भोपाल,सीईओ जिला पंचायत और एसडीएम गांवों में भ्रमण और रात्रि विश्राम कर सभी व्यवस्थाएं करें दुरूस्त - संभागायुक्त श्री कियावत
Fri, Dec 4, 2020
भोपाल,सीईओ जिला एवं जनपद पंचायत एवं एसडीएम ग्रामों का नियमित भ्रमण और रात्रि विश्राम कर सभी व्यवस्थाओं का दुरूस्त करें। यह निर्देश संभागायुक्त श्री कवीन्द्र कियावत ने वीसी के माध्यम से संभाग के सभी जिलों के अधिकारियों को दिये। सभी जिलों के सीईओ जिला एवं जनपद पंचायत एवं एडीएम एवं एसडीएम वीसी से जुड़े हुए थे।
"कोटवार संस्था को व्यवस्थित एवं सशक्त बनाएं"
संभागायुक्त श्री कियावत ने निर्देश दिए कि कोटवार राजस्व विभाग का अहम हिस्सा है उसे व्यवस्थित एवं सशक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोटवार अर्थहीन निस्तेज बना ढीले-ढाले बेहूदे हुलिया में घूमता-फिरता है। कोटवार को फिट यूनीफार्म, केप और विसिल के साथ सक्रिय सहभागी बनाया जाए। कोटवार राजस्व की बहुत महत्वपूर्ण एवं उपयोगी संस्था है यह ग्राम का सशक्त सूचना संचार एवं प्रचार-प्रसार तंत्र है। सभी कोटवारों को मुनादी के लिये अच्छा ड्रम उपलब्ध कराया जाए। विभाग द्वारा कोटवार उपलब्ध कराई गई साईकिल एवं सेवा भूमि का उपयुक्त उपयोग सुनिश्चित किया जाए। सभी वृद्ध एवं शारीरिक रूप से कमजोर, अक्षम कोटवारों को सेवामुक्त किया जाए। सभी कोटवार फिजीकली फिट हों ताकि काम पड़ने पर 10-20 किलोमीटर साईकिल चला सकें। सभी कोटवारों को स्मार्ट फोन चलाने की ट्रेनिंग दी जाए ताकि आपदा की स्थिति में वरिष्ठ अधिकारियों तक तत्काल सूचना पहुँचा सकें। सभी कोटवारों की सेवा भूमि को विवाद मुक्त बनाया जाए, कोटवारों के राजस्व प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किया जाए, उनकी मनरेगा की राशि या मानदेय राशि का तुरंत भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि कोटवार से काम कराइए उसका सम्मान करिए। कोटवारों की प्रतिमाह सर्किलवार बैठक लीजिए। कोटवार सूचना और सुरक्षा के लिये प्रत्येक ग्राम के लिये जरूरी और उपयोगी है।
"पटवारी सोमवार और गुरूवार को मुख्यालय पर रहें उपस्थित"
संभागायुक्त श्री कवीन्द्र कियावत ने निर्देश दिये कि प्रति सप्ताह सोमवार और गुरूवार को पटवारियों का मुख्यालय पर रहना सुनिश्चित करें। बाकी दिनों में पटवारी ग्रामों का भ्रमण कर राजस्व कार्य करेंगे तथा ग्रामों की सभी व्यवस्थाओं जैसे पेयजल, पीडीएस, स्कूल, आंगनवाड़ी अन्य सेवाओं की वस्तु स्थिति का प्रतिवेदन बनाकर तहसीलदार को नियमित रूप से प्रस्तुत करेंगे।
"जिला, जनपद पंचायत सीईओ और एसडीएम ग्रामों का नियमित भ्रमण और रात्रि विश्राम करें"
संभागायुक्त श्री कवीन्द्र कियावत ने निर्देश दिए कि जिला एवं जनपद पंचायत सीईओ तथा एसडीएम नियमित रूप से गांवों का भ्रमण और रात्रि विश्राम कर वहाँ की व्यवस्थाओं की वस्तु स्थिति को जानकर सभी व्यवस्थाओं का चुस्त-दुरूस्त करें। ग्रामों में पेयजल, बिजली, पीडीएस, मनरेगा, स्कूल, आंगनबाड़ी और राजस्व प्रकरणों की ग्रामीणों से जानकारी लें। ग्रामीणों को ग्राम पंचायत स्तर पर सुविधाएं कैसे मिल रही हैं, जानकारी प्राप्त कर कमी को पूरा करें। सभी ग्रामों में प्राथमिकता के आधार पर नल-जल या अन्य पेजयल सुविधाओं को व्यवस्थित करें। गामीण शुद्ध पेयजल से वंचित न रहें। श्री कियावत ने कहा कि ग्राम पंचायतों के भ्रमण से राजस्व प्रकरणों के निराकरण में मदद मिलेगी। सभी राजस्व कोर्ट लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करें। ग्राम पंचायत में स्थित शासकीय संस्थाओं का अधिकतम उपयोग कराएं।
"सभी शासकीय भवन हों सुव्यवस्थित"
शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, आंगनवाड़ी केन्द्रों सहित सभी भवनों की एकरूप रंगाई पुताई कर सुव्यवस्थित करें।
"हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को क्रियाशील बनाएं"
संभागायुक्त श्री कवीन्द्र कियावत ने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को क्रियाशील बनाने एवं पदस्थ कर्मचारियों का मुख्यालय में रहना सुनिश्चित करें। सामान्य प्रसव यहीं कराना सुनिश्चित करें ताकि ग्रामीणों को बेवजह शहर न भागना पड़े। आरोग्यम पर ही छोटी मोटी सीजनल बीमारियों का इलाज कराना सुनिश्चित करें। संभाग में 100 से अधिक आरोग्यम का सूक्ष्म निरीक्षण कर स्थिति को बेहतर बनाने से ग्रामीणों की मुसीबत कम होगी और जिला अस्पतालों में ओपीडी एवं आईपीडी कम होंगी।
"रिक्त और अन उपजाऊ भूमि पर गौशाला बनाएं"
संभागायुक्त श्री कवीन्द्र कियावत ने निर्देश दिए कि गांवों की रिक्त और अनउपजाऊ भूमि पर गौशाला का निर्माण कराएं। इस तरह गौ-संपत्ति का संवर्धन होगा एवं गौधन संरक्षित होगा।
: विदिशा,संभागायुक्त द्वारा व्हीसी के माध्यम से समीक्षा
Fri, Dec 4, 2020
भोपाल संभागायुक्त कवीन्द्र कियावत जी ने आज संभाग के जिलो में कृषि, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा विभागो के माध्यम से क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा की साथ ही राजस्व कार्यो और राजस्व अमले की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए है।
संभागायुक्त श्री कियावत ने संभाग के सभी जिलो में 18 दिसम्बर तक किसान खेत पाठशाला के द्वितीय चरण का सम्पादन किया जाए। उन्होंने शेड्यूल तय अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत में अमला पहुंचे की सूचना मुनादी से दी जाए। साथ ही राजस्व एवं ग्राम पंचायत के अमले को सक्रिया किया जाए। मुनादी कार्य कोटवारो के माध्यम से जबकि कृषक मित्र एवं दीदी संबंधित किसानो को सूचित करेंगे।
संभागायुक्त श्री क्रियावत ने निर्देश दिए है कि किसान खेत पाठशाला खुले परिसर में हो। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि पंचायत भवन के अंदर तथा प्रभावी व्यक्ति की देलान में आयोजन कदापि ना हो। उन्होंने किसान खेत पाठशाला में उपस्थिति कम से कम एक सौ हो पर बल देते हुए कहा कि ग्राम के समृद्व किसान को आईकॉन स्थापित करते हुए अन्य किसानो को इसकी जानकारी दी जाए ओर उत्पादन कैसे बढे से संबंधित किसान अवगत कराएंगे।
’दुग्ध उत्पादकों को सोसायटी से जोड़ें’
विटनरी और सहकारिता का अमला दुग्ध उत्पादकों को दुग्ध सोसायटी से जोड़े। दूध के दाम बढ़ने वाले हैं। डीआरसीएस अमले के साथ फील्ड में जाएं। दुग्ध उत्पादक किसानों को दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए जानकारी और शासकीय योजनाओं का लाभ पहुँचाएं। दुग्ध कलेक्शन सेंटर पर दूध की मात्रा बढ़ना चाहिए, अन्यथा विटनरी एवं सहकारिता के अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
’एक्सट्रा रीपर के साथ ही फसल कटाई सुनिश्चित करें’
संभागायुक्त श्री कियावत ने एक्सट्रा रीपर नहीं होने पर मशीन के इस्तेमाल पर सख्त प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। सभी कृषकों को एक्सट्रा रीपर अटेचमेंट की उपलब्धता सुनिश्चित करें। फसल कटाई में प्रदेश के बाहर की मशीनों पर प्रतिबंध रहेगा। नरवाई जलाने पर सख्त कार्यवाही और मशीन जप्ती के निर्देश दिये।
’सभी किसानों को उन्नत कृषि संबंधित मैसेज होंगे प्रसारित’
संभागायुक्त श्री कियावत ने निर्देश दिये कि आत्मा, रबी एवं खरीफ पंजीयन और किसान खेत पाठशाला के किसानों के पंजीयन के दौरान मिले किसानों के फोन नम्बर लेकर फिल्टर कर एकीकृत फोन नम्बर्स का रिकॉर्ड तैयार किया जाए। सोमवार 7 दिसम्बर से प्रत्येक किसान को प्रतिदिन कृषि वैज्ञानिकों द्वारा तैयार किए गए उन्नत कृषि संबंधी मैसेज प्रसारित किये जाएंगे जिससे कृषि उत्पादन की गुणवत्ता और मात्रा में वृद्धि होगी। एक तरह से ये मोबाइल पर कृषि पाठशाला होगी। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि इससे एक भी किसान छूटे नहीं।
संभागायुक्त श्री कियावत ने प्रथम चरण के किसान खेत पाठशाला की समीक्षा कर द्वितीय चरण की किसान खेत पाठशाला को गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए राजस्व एवं जिला पंचायत को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिये। बैठक में सभी जिलों के जिला पंचायत सीईओ, एडीएम, उप संचालक एग्रीकल्चर, विटनरी, मत्स्य एवं सहकारिता के अधिकारी उपस्थित थे।
कोटवारो को सशक्त बनाएं
संभागायुक्त ने व्हीसी के दौरान राजस्व के ग्राम स्तरीय अमले को सशक्त बनाने हेतु विशेष निर्देश आज वीडियो कांफ्रेसिंग समीक्षा में दिए है। उन्होंने कहा कि पटवारी ओर कोटवार अपने कार्य क्षेत्रों में सतर्क, जागरूक रहें। उन्होंने अक्षम एवं बुर्जुग कोटवारो को अलग करने के निर्देश दिए हैं। कोटवारो के सभी क्लेम्वो का भुगतान करने, सेवा भूमि, केसीसी, नरेगा का भी लाभ दिलाया जाए। ग्राम स्तर की तमाम जानकारियों के स्त्रोत कोटवार स्मार्ट बनें। इसके लिए सर्किलवार 15-15 दिन में बैठक आयोजित कर उन्हें स्मार्ट फोन की उपयोगिता और महत्वता तथा संचार प्रचार-प्रसार के संसाधन का सदुपयोग कैसे करें की जानकारी दी जाए। संभागायुक्त ने कोटवारो को मुनादी हेतु ड्रम यंत्र ग्राम पंचायतों के माध्यम से मुहैया कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
संभागायुक्त द्वारा राजस्व अधिकारियो को भ्रमण के दौरान पानी बिजली, ग्रामीण विकास, उचित मूल्य दुकान, राजस्व के अलावा कृषि संबंधी सूचनाएं प्राप्त करनी चाहिए ताकि ग्रामीण क्षेत्र में किसी भी प्रकार से सुपात्र वंचित ना हो सकें। उन्होंने समस्त एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं जनपदो के सीईओ को भ्रमण कर रात्रि विश्राम ग्राम पंचायतों में करने के निर्देश दिए है।
एनआईसी के व्हीसी कक्ष में अपर कलेक्टर श्री वृदांवन सिंह के अलावा समस्त एसडीएम मौजूद रहें।
: गाडरवारा,दिव्यांग दिवस पर बांटी लेखन सामग्री
Thu, Dec 3, 2020
गाडरवारा। गुरुवार को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर समीपी ग्राम सांगई की एकीकृत शासकीय नवीन माध्यमिक शाला के माध्यमिक शिक्षक मधुसूदन पटैल ने अभिनव पहल करते हुए संस्था के दिव्यांग बच्चों को लेखन सामग्री एवं टॉफियां वितरित की। इस अवसर पर दिव्यांग छात्र अरुण केवट के घर जाकर लेखन सामग्री देते हुए मधुसूदन पटैल ने बताया की शिक्षक होने के नाते हमारा फर्ज बनता है की हम दिव्यांग छात्र छात्राओ का समय समय पर उत्साहवर्धन करते रहें । दिव्यांग बच्चे भी अन्य बच्चों की तरह मन लगाकर पढ़ाई करें यही हमारा उद्देश्य है। इस अवसर पर संस्था के छात्र शिवम केवट सहित दिव्यांग बच्चों के परिजन भी उपस्थित रहे।