Saturday 24th of October 2026

ब्रेकिंग

सग्रहमख महालक्ष्मी महायज्ञ का भव्य आयोजन

अवैध शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, कुल 60 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब जप्त।

गाडरवारा में राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में दूसरे दिन विद्यार्थियों ने किया बेहतर खेल का प्रदर्शन

छात्राओं ने प्रिंसिपल पर अभद्रता,टॉयलेट साफ कराने और गिट्टी पर घुटने टिकवाने के लगाए आरोप,

5 सूत्रीय मांगों को लेकर संयुक्त पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन

नर्मदापुरम,जबलपुर,सागर,रीवा संभाग ने जीते शुरुआती मैच : गाडरवारा में राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में दूसरे दिन विद्यार्थियों ने किया बेहतर खेल का प्रदर्शन

Aditi News Team

Sat, Oct 24, 2026

राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में दूसरे दिन विद्यार्थियों ने किया बेहतर खेल का प्रदर्शन

नर्मदापुरम, जबलपुर, सागर, रीवा संभाग ने जीते शुरुआती दौर के मैच

गाडरवारा। नगर सहित क्षेत्र में 70 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन जारी है। 19 आयु बालक वर्ग के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी रोमांचक एवं शानदार मैच आयोजित हुए जिनमे विद्यार्थियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने संभागों की टीमों को जिताया। दूसरे दिन विभिन्न मैदानो पर खेले गये मैचों के बारे में आयोजन समिति के प्रचार प्रसार समिति सदस्य मधुसूदन पटैल ने बताया कि शनिवार को शासकीय राघव कृषि उ मा विद्यालय बोहानी के मैदान पर खेले गये मैच में रीवा ने उज्जैन को 29 रनो से हराया। 20 ओवरो के निर्धारित मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए रीवा ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 177 रन बनाये जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी उज्जैन की टीम 148 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। शुक्रवार को इसी मैदान पर खेले गये रोमांचक मैच में नर्मदापुरम संभाग ने शहडोल को 1 रन से हराया। 20 ओवरो के मैच में नर्मदापुरम ने 7 विकेट खोकर 176 रन बनाये जवाब में शहडोल संभाग की टीम 175 रन बनाकर आल आउट हो गई। वहीँ शनिवार को ही एनटीपीसी खेल मैदान पर खेले गये मैच में सागर ने ग्वालियर संभाग को 107 रनो के बड़े अंतर से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सागर संभाग ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 180 रन बनाये वही ग्वालियर की टीम प्लेयर ऑफ़ दा मैच रचित यादव की घातक गेंदबाजी के चलते 8 ओवर में सिर्फ 73 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। शुक्रवार को इसी मैदान पर रीवा ने भोपाल को 49 रनो से हराया। रीवा की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 ओवर में सभी विकेट खोकर 110 रन बनाये जवाब में भोपाल की टीम 13 ओवर में सिर्फ 61 रनो पर ही सिमट गई। चीचली के खेल मैदान पर शनिवार को खेले गये मैच में नर्मदापुरम ने इंदौर संभाग को 38 रनो से हराया। नर्मदापुरम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 149 रन बनाये जवाब में इंदौर की टीम सभी विकेट खोकर सिर्फ 111 रन ही बना पाई। वही शुक्रवार को इसी मैदान पर इंदौर संभाग ने जनजातीय कार्य विभाग की टीम को 41 रनो से हराया। इंदौर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 149 रन बनाये जवाब में जनजातीय टीम 13 ओवर में 108 रनो पर ऑल आउट हो गई। नगर के रूद्र कॉलेज मैदान पर सुबह खेले गये मैच में जबलपुर संभाग ने 20 ओवरो में 164 बनाये जवाब में शहडोल सिर्फ 46 बना पाई और 118 रनो के विशाल अंतर से हार गई। वही इसी मैदान पर दोपहर को खेले गये मैच में शहडोल संभाग ने जनजातीय कार्य विभाग को 5 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरो के मैच में जनजातीय कार्य विभाग ने 113 रन बनाये जवाब में शहडोल ने 5 विकेट खोकर निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिया। शनिवार को प्रदेश के स्कूल शिक्षा व परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह ने नपा अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा, मुकेश मरैया एवं कार्यकर्ताओ के साथ चीचली एवं रूद्र मैदान गाडरवारा के मैदानो पर आम दर्शक की भांति मैचों का आनंद लिया और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन से जुडी व्यवस्थाओ का जायजा भी लिया और जिला शिक्षा अधिकारी डॉ अनिल कुशवाहा को आवश्यक निर्देश भी दिये। मैचों के दौरान देवेंद्र रजक, देवेंद्र बैरागी, शाकिर खान, स्वप्निल शर्मा ने एम्पायरिंग एवं ज्योति धानक, सौरभ लहरिया सहित अन्य ने स्कोरिंग एवं राजेश गुप्ता, सुनील सोनी ने कामेंटेटर की भूमिका निभाई। रविवार को कुल 5 मैच खेले जायेंगे। विदित हो कि पूल ए में इंदौर, जबलपुर, जनजातीय कार्य विभाग, शहडोल, नर्मदापुरम एवं पूल बी में सागर, ग्वालियर, उज्जैन, रीवा, भोपाल संभाग की टीमों को रखा गया है। आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों से खेल मैदान आकर मैचों का आनंद लेने की अपील की है।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

परिवहन स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह

रितु मेहरा ,CMO नगर पालिका गाडरवारा

जरूरी खबरें