अनुकूलताओं की प्रतीक्षा मत करो, : मन में धर्म का दृढ़ संकल्प जगाओ"सल्लेखना में न जीने की आकांक्षा हो, न मरने की इच्छा" : निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर
Aditi News Team
Sun, Nov 15, 2026
"अनुकूलताओं की प्रतीक्षा मत करो, मन में धर्म का दृढ़ संकल्प जगाओ",
सल्लेखना में न जीने की आकांक्षा हो, न मरने की इच्छा : निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर
कुण्डलपुर(दमोह)। जिनशासन का रथ दो पहियों पर चलता है, जिसमें एक पहिया मुनि संघ और दूसरा श्रावक समाज है। जिनशासन को आगे बढ़ाने में दोनों का समान महत्व है, उपरोक्त उद्गार निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी महाराज ने प्रातः कालीन धर्म सभा को संबोधित करते हुए श्रावक धर्म, मुनि धर्म, आत्मसाधना,समता और सल्लेखना के वास्तविक स्वरूप पर विस्तार से प्रकाश डाला उन्होंने कहा श्रावक समाज के सहयोग के बिना मुनि, आर्यिका, ऐलक और क्षुल्लक की आहारचर्या का निर्वाह संभव नहीं है। व्रत, उपवास और आत्मसाधना त्यागियों की अपनी साधना है, लेकिन उनकी आहारचर्या श्रावक समाज के सहयोग से ही संचालित होती है। इसलिए मुनि धर्म के समान श्रावक धर्म की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।आचार्यों के संरक्षण और मार्गदर्शन में उपाध्याय, मुनिजन, श्रावक और श्राविकाएं मिलकर जिनशासन की परंपरा को आगे बढ़ाते हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन ‘विद्यावाणी’ एवं क्षेत्रीय प्रचारमंत्री जयकुमार जैन ‘जलज’ ने बताया धर्म के विभिन्न स्तरों को समझाते हुए मुनि श्री ने कहा कि भगवान की दिव्यध्वनि में सर्वप्रथम उच्चतम पात्र को ध्यान में रखकर मोक्षमार्ग का उपदेश दिया जाता है। इसके बाद व्यक्ति की योग्यता और सामर्थ्य के अनुसार धर्म के दूसरे मार्ग बताए जाते हैं। उन्होंने व्यापारी और ग्राहक का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार कुशल दुकानदार ग्राहक की आर्थिक क्षमता के अनुसार सामान उपलब्ध कराकर उसे संतुष्ट करता है, उसी प्रकार गुरुजन भी व्यक्ति की भावनाओं और सामर्थ्य को देखकर धर्म का उपदेश देते हैं। भगवान ने सर्वप्रथम श्रमण धर्म अंगीकार करने की प्रेरणा दी, लेकिन जो श्रमण धर्म स्वीकार नहीं कर सकते, उनके लिए श्रावक धर्म का मार्ग बताया।यदि श्रावक व्रत भी ग्रहण नहीं कर पा रहे हैं तो कम से कम सम्यक दर्शन के वास्तविक स्वरूप को समझें, स्वाध्याय प्रारंभ करें और व्रतों का महत्व जानें। उन्होंने कहा कि अनुकूल परिस्थितियां स्वयं चलकर हमारे पास नहीं आएंगी। कोई परिवार, व्यापार, स्वास्थ्य तो कोई मौसम की अनुकूलता की प्रतीक्षा करता रहता है। व्यक्ति खाली पेट काम नहीं कर पाने की बात कहता है, भोजन मिलने पर भरे पेट काम न करने का बहाना बना लेता है। इससे स्पष्ट है कि समस्या परिस्थितियों में नहीं, बल्कि मन के संकल्प में है।मौसम को देखने के बजाय अपने मन का मौसम बनाइए। मोक्षमार्ग शरीर के बल से नहीं, बल्कि मन और आत्मा के बल से चलता है। क्रोध में व्यक्ति जितनी कठिन तपस्या कर लेता है, शांत परिणामों में उतना साहस नहीं जुटा पाता। इसका अर्थ है कि सामर्थ्य भीतर है, लेकिन उसका उपयोग सही दिशा में होना चाहिए। क्रोध और आवेश में आत्मघात करना किसी समस्या का समाधान नहीं है। इससे तीव्र कषाय और अशुभ कर्मबंध होता है। मुनि श्री ने सल्लेखना के स्वरूप को स्पष्ट करते हुए कहा कि सामान्य जीवन हो अथवा सल्लेखना का समय, साधक के भीतर न अधिक जीने की आकांक्षा हो और न शीघ्र मरने की इच्छा। सल्लेखना का अर्थ जीवन से भागना अथवा मृत्यु को बुलाना नहीं, बल्कि समता और वैराग्य के साथ जीवन के अंतिम क्षणों को स्वीकार करना है। उन्होंने कहा कि सल्लेखना के दौरान यह भाव नहीं आना चाहिए कि अब बहुत कष्ट हो रहा है, कब तक णमोकार मंत्र सुनना पड़ेगा और कब इस परिस्थिति से छुटकारा मिलेगा। शीघ्र मृत्यु अथवा आयुकर्म के जल्दी समाप्त होने की कामना सल्लेखना के अतिचार हैं। इसी प्रकार यह सोचना भी उचित नहीं कि सल्लेखना की चर्चा के बाद बहुत लोग सेवा और आहार कराने आने लगे हैं, इसलिए जीवन कुछ और बढ़ जाए तो अच्छा रहेगा। दोनों ही प्रकार की आकांक्षाओं से बचना आवश्यक है। सल्लेखना गुरु के निर्देश और ज्ञानीजनों के मार्गदर्शन में निर्विकल्प भाव से ग्रहण की जाती है। इसमें बाहरी वातावरण और सेवा से अधिक महत्व साधक के अपने परिणामों का होता है, जो निरंतर अभ्यास और स्वाध्याय से निर्मित होते हैं। मुनि श्री ने आचार्यों द्वारा बताई गई साधुचर्या के आदर्शों की चर्चा करते हुए कहा कि साधक को एक ही स्थान और एक जैसी अनुकूल व्यवस्थाओं में रहने के बजाय विभिन्न स्थानों पर जाकर अनुकूलता और प्रतिकूलता में ढलने का अभ्यास करना चाहिए। भीड़ और कोलाहल से दूर रहकर एकांत, स्वाध्याय और साधना को महत्व दें। अनावश्यक बोलने और अधिक सोने से बचें। प्रतिकूलताओं को समभाव से सहन करें, सुविधा प्रेमी न बनें तथा मैत्रीभाव के साथ वैराग्य की भावना बनाए रखें। उन्होंने कहा कि चाहे गृहस्थ हो या गृहत्यागी, प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में संसार के प्रति अनासक्ति और आत्मकल्याण के प्रति जागरूकता होनी चाहिए। स्वाध्याय, ज्ञान भावना और व्रतों के निर्दोष पालन से परिणामों में स्थिरता आती है। जीवनभर समता और वैराग्य का अभ्यास ही ऐसा आधार तैयार करता है, जिससे जीवन के उपसंहार में सल्लेखना के पवित्र भाव सहज रूप से विकसित हो सकें।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर